सीएम साय करेंगे 115 अटल परिसरों का लोकार्पण, छत्तीसगढ़ में कार्यक्रमों की रहेगी धूम

छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों के लिहाज से खास रहने वाला है। एक ओर पूरे प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है, वहीं 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा। राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सांसद खेल महोत्सव का समापन और कई सांस्कृतिक आयोजन भी प्रस्तावित हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 114 नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़ेंगे।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 12.30 बजे अटल एक्सप्रेस-वे पर स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही फुंडहर चौक स्थित अटल परिसर का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा नव निर्मित 100 अटल परिसरों का लोकार्पण एक साथ किया जाएगा, जिससे नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कार्यक्रम सुबह से ही निर्धारित है। वे पहले पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचकर सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद अटल एक्सप्रेस-वे पहुंचकर लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे।
प्रदेश सरकार के अनुसार, अटल परिसरों के लोकार्पण से नगरीय क्षेत्रों में प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह आयोजन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





