बंगाल में BJP सरकार बनने पर बोले मुख्यमंत्री साय, कहा- लोकतंत्र की जीत और कुशासन का अंत

विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र की जीत हुई है और टीएमसी व ममता बनर्जी के कुशासन का अंत हो गया है।
दरअसल, सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता में आयोजित इस भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और मंत्री दयालदास बघेल भी शामिल हुए।
शपथ समारोह से लौटने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा था और बेहद भव्य तरीके से शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि अब बंगाल के लोगों को “आजादी” मिली है और सभी वर्गों का विकास तेजी से होगा।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में नए मंत्रिमंडल का भी गठन हुआ। दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली।
बता दें कि 8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे, जहां सुवेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई।





