नई दिल्ली में CM विष्णुदेव साय की रेल मंत्री से मुलाकात, छत्तीसगढ़ की रेल परियोजनाओं में आएगी तेजी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में रेल सुविधाओं के विस्तार, नए रेल मार्गों के निर्माण, और चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के मुद्दों पर खास तौर पर बात हुई। मुख्यमंत्री साय ने रेल मंत्री से निवेदन किया कि जिन परियोजनाओं को पहले से मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें तय समय सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता, उद्योग और व्यापार जगत को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आश्वासन दिया कि रेलवे मंत्रालय छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार भी मौजूद रहे।





