देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटा, टपकेश्वर मंदिर डूबा

दिल्ली। देहरादून में सोमवार देर रात सहस्त्रधारा में बादल फटने से भारी तबाही मची। अचानक आई बाढ़ में तमसा नदी उफान पर आ गई। इस हादसे में दो लोग लापता हो गए और कई वाहन बह गए। प्रशासन ने हालात को देखते हुए देहरादून के सभी स्कूल (कक्षा 12वीं तक) बंद करने का आदेश दिया।
बाढ़ का सबसे ज्यादा असर टपकेश्वर महादेव मंदिर पर पड़ा। पुजारी ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे नदी का जलस्तर बढ़ने से मंदिर पूरी तरह डूब गया। कई मूर्तियां बह गईं, हालांकि गर्भगृह सुरक्षित रहा। पानी उतरने पर मंदिर परिसर में करीब 2 फीट तक मलबा भर गया।
इसी तरह हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर बस स्टैंड में भी रातभर हुई बारिश के बाद तबाही मच गई। यहां बाढ़ का पानी बस स्टैंड में घुस गया और 10 से ज्यादा बसें बह गईं। तीन नेशनल हाईवे समेत 493 सड़कें बंद हो गई हैं।
महाराष्ट्र में भी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। मुंबई में रेलवे ट्रैक और सड़कों पर पानी भर गया। बीड जिले में फंसे 11 ग्रामीणों को एयरफोर्स ने एयरलिफ्ट कर सुरक्षित निकाला।
देशभर में मानसून सक्रिय है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और हरियाणा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में नदियां उफान पर हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।





