बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज़ी से चल रहा है। इसी कड़ी में बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया।
जानकारी के अनुसार, दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी अभी भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में मारे जाने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव खुद इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले गुरुवार को गरियाबंद जिले में भी सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की थी। वहां हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को ढेर किया गया था। इनमें शीर्ष नक्सली नेता और सीसी मेंबर मनोज उर्फ़ मॉडेम बालकृष्ण भी शामिल था, जिस पर अलग-अलग राज्यों में कुल 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।





