गणतंत्र दिवस की सुरक्षा के बीच सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कामयाबी, शातिर चोर गिरोह गिरफ्तार

बिलासपुर। गणतंत्र दिवस की सुरक्षा, वीआईपी ड्यूटी और कानून व्यवस्था की भारी जिम्मेदारियों के बीच भी सिविल लाइन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शहर में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब साढ़े चार लाख रुपये के चोरी के सामान के साथ चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर शहरवासियों को बड़ी राहत दी है।
उपनिरीक्षक अमृत साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मंगला और कुदुदंड क्षेत्र में सूने मकानों और दुकानों में हो रही चोरियों के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। सूचना मिलते ही टीम ने रणनीति बनाकर घेराबंदी की और साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने शुभम विहार, मैत्रीपुरम् कॉलोनी, कुदुदंड के कई मकानों और आजाद चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। सघन पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,24,000 रुपये मूल्य के आर्टिफिशियल सोने के हार, झूमके, लॉकेट, चांदी की पायलें सहित 26,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी, आदित्य सूर्यवंशी और नंद कुमार केवट शामिल हैं। पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता पाई है।
गणतंत्र दिवस जैसी व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के दौरान की गई यह कार्रवाई सिविल लाइन पुलिस की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर कार्यशैली का मजबूत उदाहरण मानी जा रही है।





