आगरा के कोल्ड स्टोरेज में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, सांस लेने में दिक्कत के बाद खेतों की ओर भागे ग्रामीण

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक कोल्ड स्टोरेज में गैस रिसाव की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जहरीली गैस की गंध फैलने से ग्रामीणों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद लोग घबराकर अपने घर छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। इस घटना में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना पिनाहट थाना क्षेत्र के कुकथरी गांव स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की है। गुरुवार रात करीब नौ बजे स्टोरेज में आलू रखने का काम चल रहा था, तभी अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में तीखी गंध पूरे इलाके में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

रिसाव के समय कोल्ड स्टोरेज के अंदर करीब 100 मजदूर और किसान मौजूद थे। अचानक गैस की बदबू फैलने से लोगों को घुटन और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद सभी लोग काम छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे। इस दौरान एक मजदूर की तबीयत बिगड़ गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि गैस रिसाव को रोकने के प्रयास सफल रहे हैं और स्थिति अब नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर लोगों को कोल्ड स्टोरेज के आसपास न जाने की सलाह दी गई है।

ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि आबादी के नजदीक कोल्ड स्टोरेज होने के कारण हमेशा खतरा बना रहता है। पहले भी कई बार बदबू और सुरक्षा को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button