मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे आमागोहन, ग्रामीणों ने किया गर्मजोशी से स्वागत

कोटा। सुशासन तिहार-2025 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोटा ब्लॉक के आमागोहन गांव का दौरा किया। यहां समाधान शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें आमागोहन क्लस्टर के 11 गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बैगा समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को सिर पर खुमरी और गले में महुआ की माला पहनाई।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने बताया कि अब तक जिले में 2 लाख 10 हजार 83 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 2 लाख 4 हजार 123 मांगें और 5960 शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 97% मांगों और 93% शिकायतों का समाधान कर दिया गया है।
ग्रामीणों की ज्यादातर मांगें प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व मामलों, शौचालय, स्वच्छता, उज्जवला योजना और पेयजल से जुड़ी थीं।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का पूरा लाभ मिले और किसी को भी सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।





