छत्तीसगढ़: एसईसीएल खदानों में डीजल चोरी का बड़ा खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की कोयला खदानों से होने वाली डीजल चोरी को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चोरों से 2345 लीटर जब्त किया है। मामले में पुरुषोत्तम और नवीन गैंग से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गैंग के साथ संबंध रहने और डीजल चोरी में अपरोक्ष तौर पर शामिल होने के संदेह पर पुलिस अधीक्षक ने 7 सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। इसमें दो सिपाही पुलिस की साइबर सेल में काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि साइबर सेल से जुड़े सिपाही मोबाइल फोन के जरिए चोरों के संपर्क में थे।

खदान से डीजल चोरी का बड़ा खुलासा

खदानों में हो रही डीजल चोरी को लेकर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बड़ा खुलासा किया है। एक प्रेसवार्ता के दौरान तिवारी ने बताया कि हफ्ते भर पहले 22 दिसंबर की रात एसईसीएल की गेवरा खदान में घुसकर चोरों ने डीजल चोरी को अंजाम दिया था।

आरोपी सुरक्षा बलों को चकमा देकर मौके से फरार हो गए थे। लेकिन चोर जिस बोलेरो में सवार थे उसका नंबर सीजी-12बीएल-6960 के बारे में जानकारी मिली थी। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर छानबीन को आगे बढ़ाया तब पता चला कि एसईसीएल की कोयला खदानों में डीजल की चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है।

आईपीएस विमल पाठक करेंगे चोरी में सिपाहियों की भूमिका की जांच

पुलिस ने गिरोह के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू किया और एक-एक कर 7 चोरों को पकड़ लिया। इसमें बगडबरीपारा जिला जांजगीर-चांपा बलौदा निवासी पुरुषोत्तम यादव 34 वर्ष, विजय नगर दीपका निवासी देवचरण चौहान 19 वर्ष, बाराद्वार सक्ती निवासी राजेंद्र साहू उर्फ कुनाल, ज्योति नगर दीपका में रहने वाला शेख उर्फ बिट्टू 28 वर्ष, बांकीमोंगरा बलगी शांतिनगर निवासी अर्जुन सिंह 18 वर्ष, ग्राम खमदेईपारा खिसोरा निवासी देवानंद खुंटे 19 वर्ष और खोखरा ठाकुरदेव जांजगीर-चांपा में रहने वाला रवि बरेठ 25 वर्ष शामिल हैं।

आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ किया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग जेरीकेन में भरकर रखे गए 2345 लीटर डीजल को जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि इस डीजल को अलग-अलग स्थान पर जेरीकेन में भरकर छिपाया गया था। डीजल को 67 जेरीकेन में रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button