छत्तीसगढ़ धमतरी सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत

छत्तीसगढ़ धमतरी सड़क हादसा ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। धमतरी जिले के खपरी गांव के पास बायपास मार्ग पर खड़े एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अर्जुनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे जवानों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक जवान गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे पहले धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।
इस छत्तीसगढ़ धमतरी सड़क हादसा में जान गंवाने वाले जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और सिविलियन चालक हीरा लाल नागर के रूप में हुई है। घायल जवान अभिमान राय का इलाज जारी है। सभी जवान ड्यूटी से जुड़े काम के सिलसिले में रायपुर जा रहे थे।
हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। कार के आसपास खून फैला हुआ था और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रक इस दुर्घटना का मुख्य कारण बना।
इस दर्दनाक घटना से सुरक्षा बलों और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है। अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है और घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।




