मेट्रो ट्रेन टनल में फंसी, पैदल निकलने पड़े यात्री

चेन्नई। मंगलवार सुबह चेन्नई मेट्रो में एक बड़ा तकनीकी संकट देखने को मिला, जब ब्लू लाइन पर चल रही एक ट्रेन टनल में अचानक फंस गई। यह घटना पुरात्ची थलाइवर डॉ. एम.जी. रामचंद्रन सेंट्रल मेट्रो स्टेशन के पास हुई। ट्रेन के रुकते ही लाइटें बंद हो गईं, जिससे यात्री घबरा गए और तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विम्को नगर जा रही थी। लेकिन सेंट्रल स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले ट्रेन अचानक रुक गई। अंदर बैठे यात्री लगभग 10 मिनट तक अंधेरे में ही फंसे रहे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है।

करीब कुछ देर बाद मेट्रो में अनाउंसमेंट किया गया कि तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन आगे नहीं बढ़ पाएगी। यात्रियों को टनल में बने वॉकवे के रास्ते पास के हाई कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक पैदल जाना होगा। इस दौरान मेट्रो स्टाफ और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से सभी यात्रियों को बाहर निकालकर हाई कोर्ट स्टेशन तक पहुंचाया गया।

चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (CMRL) ने बयान जारी करते हुए कहा कि यह रुकावट एक तकनीकी समस्या के चलते हुई थी, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया गया। इसके बाद ब्लू लाइन और ग्रीन लाइन दोनों पर सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गईं। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चली इस दिक्कत के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

CMRL ने कहा कि खराबी के कारणों की जांच के लिए इंटरनल असेसमेंट शुरू कर दिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button