मोपका में प्रार्थना सभा पर हंगामा, धर्मांतरण के आरोप में 7 लोग गिरफ्तार

बिलासपुर के मोपका इलाके में रविवार को एक प्रार्थना सभा को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा पर मतांतरण का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सभा में शामिल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मतांतरण के आरोप में दर्ज हुए चार मामले
मोपका सहायता केंद्र प्रभारी संजीव सिंह ठाकुर के अनुसार, कुटीपारा इलाके में कुछ घरों में यह प्रार्थना सभा चल रही थी। जब हिंदू संगठनों को इसकी जानकारी मिली तो वे वहां पहुंचे और मतांतरण कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर सभा में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में मनोज कुमार सैम्युअल, उनकी पत्नी अंजू सैम्युअल, यारूशा किशोर, राजकुमार साहू, पास्टर व्यास कुमार कुर्रे, जसपाल अहिरवार और राहुल पटेल उर्फ रामप्यारे शामिल हैं। इन सभी पर छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्र अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वास्तव में मतांतरण की कोशिश की जा रही थी या नहीं।





