दुर्ग में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी: पंपों पर लंबी कतारें, प्रशासन बोला- 5 दिन से ज्यादा का स्टॉक उपलब्ध

दुर्ग और भिलाई में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद शहरभर के पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से देर रात तक कई फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारें लगी रहीं। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ बोतलों और ड्रमों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है और घबराने की जरूरत नहीं है।

अफवाह के बाद बढ़ी भीड़, कई पंपों पर जाम जैसे हालात

शहर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई जगहों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन खत्म होने की खबर भी सामने आई।

प्रशासन के मुताबिक जिले में प्रतिदिन करीब 293 किलोलीटर पेट्रोल और 374 किलोलीटर डीजल की खपत होती है। वर्तमान में जिले में 1421 किलोलीटर पेट्रोल और 1678 किलोलीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है, जो पांच दिनों से ज्यादा की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त है।

ड्रम और बोतलों में भरवाया जा रहा ईंधन

फ्यूल स्टेशनों पर लोग अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल जमा करने के लिए बोतलों और बड़े ड्रमों में भी ईंधन भरवाते दिखाई दिए। जबकि नियमों के अनुसार खुले डिब्बों और बोतलों में पेट्रोल देना प्रतिबंधित है। कुछ इलाकों में जनरेटर के नाम पर बड़ी मात्रा में डीजल ले जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

महादेव घाट अमलेश्वर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोगों को डिब्बों में पेट्रोल देते देखा गया। वीडियो में यह दावा भी किया गया कि पहचान वाले लोगों को प्राथमिकता देकर ईंधन दिया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

प्रशासन की अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें

जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी 189 पेट्रोल पंपों पर नियमित सप्लाई जारी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर प्रशासन लगातार पेट्रोल पंपों की निगरानी कर रहा है।

प्रशासन ने जमाखोरी, कालाबाजारी और कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई