जर्जर ट्रेन में BSF जवानों की यात्रा पर बवाल, रेल मंत्री ने 4 अधिकारी किए सस्पेंड

दिल्ली। त्रिपुरा से अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर जा रहे BSF जवानों को गंदे और जर्जर डिब्बों वाली ट्रेन में भेजे जाने के मामले में केंद्र सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चार रेलवे अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की गरिमा सर्वोपरि है और इस तरह की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई उस समय की गई जब पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सोशल मीडिया पर ट्रेन की स्थिति को लेकर किए जा रहे दावों को खारिज किया था। लेकिन, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में ट्रेन के अंदर की गंदगी और जर्जर हालत को देखकर यूजर्स ने रेलवे की तीखी आलोचना की।

मामले के अनुसार, BSF की 13 कंपनियों के करीब 1,200 जवानों को 6 जून को त्रिपुरा के उदयपुर से जम्मू तवी भेजा जाना था। इन जवानों को एक विशेष ट्रेन में सवार किया जाना था, जिसका ठहराव त्रिपुरा, असम और बंगाल के चार स्थानों पर था। लेकिन यह ट्रेन 9 जून को BSF को उपलब्ध कराई गई, जिसमें डिब्बों की हालत बेहद खराब थी। सरकार ने अब स्पष्ट संकेत दिया है कि सुरक्षा बलों की सुविधा और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button