सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगियों की मौत से बढ़े सवाल, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड ने फिर गरमाई बंगाल की सियासत

पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। यह पहली बार नहीं है जब सुवेंदु अधिकारी के किसी करीबी सहयोगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई हो। साल 2013 से अब तक उनके चार करीबी सहयोगियों की अलग-अलग घटनाओं में जान जा चुकी है।

मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या

चंद्रनाथ रथ 2019 से सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और पर्सनल असिस्टेंट थे। बुधवार देर रात उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी SUV को एक संकरी गली में रोककर बेहद करीब से फायरिंग की। करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से कम से कम पांच गोलियां चंद्रनाथ रथ को लगीं। उनके ड्राइवर को भी गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

2013 में रहस्यमयी हालात में हुई थी प्रदीप झा की मौत

सुवेंदु अधिकारी के पूर्व पर्सनल असिस्टेंट और पॉलिटिकल सेक्रेटरी प्रदीप झा की मौत भी रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई थी। साल 2013 में कोलकाता के स्ट्रैंड रोड पर वह एक रेस्टोरेंट के पास बेहोश मिले थे। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि उनकी मौत की असली वजह आज तक साफ नहीं हो पाई।

पुलिस बैरक में गोली लगने से गई थी शुभब्रत चक्रवर्ती की जान

शुभब्रत चक्रवर्ती राज्य सशस्त्र पुलिस में जवान थे और बाद में सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा टीम का हिस्सा बने। अक्टूबर 2018 में कोंताई स्थित पुलिस बैरक में वह गोली लगने से घायल मिले थे। अगले दिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन बाद में उनकी पत्नी ने पूरे मामले पर सवाल उठाए और गहराई से जांच की मांग की।

यह मामला काफी विवादों में रहा और 2021 में बंगाल CID ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली थी।

2021 में पुलक लाहिड़ी की भी हुई थी मौत

पुलक लाहिड़ी भी सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और असिस्टेंट रहे थे। साल 2021 में उनकी मौत हुई थी। हालांकि इस मामले से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पाई, लेकिन इसे भी अधिकारी के करीबी लोगों की संदिग्ध मौतों से जोड़कर देखा गया।

लगातार हो रही घटनाओं से उठ रहे सवाल

चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बीजेपी ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं लगातार सुवेंदु अधिकारी के करीबी लोगों की मौत को लेकर राज्य की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button