CG Weather Update: प्रदेश में लोगों को कड़ाके की ठंड से मिलेगी थोड़ी राहत, राजधानी में छाया रहेगा कोहरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों को अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश में शीतलहर की स्थिति कमजोर पड़ सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, यह राहत अस्थायी रहेगी और इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ या किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय न होने से बारिश की संभावना नहीं है। वहीं सुबह और रात के समय ठंड का असर अब भी महसूस किया जाएगा, खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में।

राजधानी रायपुर के मौसम को लेकर जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह के वक्त कोहरा या हल्की धुंध छाई रह सकती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। तापमान में मामूली बढ़ोतरी के चलते दिन में ठंड का असर कुछ कम रहेगा। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश के अन्य शहरों की बात करें तो अंबिकापुर सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पेंड्रा रोड में 8.6 डिग्री, राजनांदगांव में 9.0 डिग्री, माना (रायपुर) में 9.4 डिग्री, दुर्ग में 10.2 डिग्री और बिलासपुर में 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर के बाहरी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री कम दर्ज किया गया है, जिससे रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई