राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में छत्तीसगढ़ का जलवा, राजनांदगांव जिला बना ईस्ट जोन का बेस्ट डिस्ट्रिक्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में देशभर में अपनी खास पहचान बनाई है। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार ने राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के लिए विजेताओं की घोषणा की है, जिसमें राजनांदगांव जिले को ईस्ट जोन में बेस्ट डिस्ट्रिक्ट श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है।
यह सम्मान जिले में किए गए जल संरक्षण, संवर्धन और जनभागीदारी आधारित सतत प्रयासों के लिए दिया जा रहा है। यह पुरस्कार 18 नवंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा।
राजनांदगांव को यह सम्मान देशभर के जिलों के बीच गहन जांच और मूल्यांकन के बाद मिला है। केंद्रीय भू-जल बोर्ड, केंद्रीय जल आयोग और विभिन्न विशेषज्ञ टीमों ने जिले में किए गए कार्यों का निरीक्षण किया था।
जिले में “मिशन जल रक्षा” के तहत जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया गया। इसमें प्रशासन के साथ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, महिला स्वसहायता समूहों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने मिलकर काम किया। गांव से लेकर शहर तक “जल ही जीवन है, जल है तो कल है” का संदेश फैलाया गया।
महिला समूहों ने “नीर और नारी जल यात्रा” जैसी पहलों के जरिए जल बचाने की दिशा में बड़ा योगदान दिया। पद्मश्री फूलबासन बाई यादव ने भी गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक किया और इस अभियान को गति दी।
किसानों ने फसल चक्र में बदलाव, वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनर्भरण के प्रयासों से जिले में जल स्तर सुधारने में अहम भूमिका निभाई। तकनीकी स्तर पर जीआईएस आधारित योजनाएं, रिचार्ज वेल, परकोलेशन टैंक, फार्म पॉन्ड और तालाबों का पुनर्जीवन जैसे कार्य किए गए।
यह पुरस्कार राजनांदगांव के नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रतीक है। जिले ने यह साबित किया है कि जनभागीदारी से किसी भी संसाधन का संरक्षण संभव है।
अब राजनांदगांव की यह पहल पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन गई है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत जल प्रबंधन का संदेश दे रही है।





