महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की कार्रवाई, डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- जांच पर भरोसा करें

रायपुर: महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई आईपीएस अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रायपुर और भिलाई में की गई, जिसमें विधायक देवेंद्र यादव के निवास पर भी CBI की टीम पहुंची। इसके अलावा, कई अन्य अधिकारियों के घरों में भी जांच जारी है। इस छापेमारी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
कांग्रेस ने बताया बदले की कार्रवाई, BJP ने कहा- निष्पक्ष जांच
CBI की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी बहस छिड़ गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे “राजनीति से प्रेरित और द्वेषपूर्ण कार्रवाई” बताया, जबकि भाजपा ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां निष्पक्ष रूप से जांच कर रही हैं।
डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री का बयान
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, “CBI की कार्रवाई किस मामले में हो रही है, इसकी पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन कई मामलों की जांच चल रही है। विधानसभा में खुद नेता प्रतिपक्ष ने CBI पर भरोसा जताया है। कांग्रेस के ज्यादातर नेता भी CBI की जांच पर विश्वास रखते हैं, लेकिन कुछ लोग जरूर गड़बड़ियों में शामिल हैं।”
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा, “CBI की यह कार्रवाई राजनीति से प्रेरित नहीं है। कांग्रेस हमेशा चुनाव के समय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाती थी, लेकिन अब तो चुनाव भी नहीं हैं, फिर भी जांच हो रही है। केंद्रीय एजेंसियां जहां गड़बड़ी होती है, वहां कार्रवाई करती हैं। कांग्रेस नेताओं को जांच में सहयोग देना चाहिए।”
CBI की छापेमारी से बढ़ा सियासी तनाव
CBI की इस कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। कांग्रेस इसे “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” कह रही है, जबकि भाजपा इसे “कानूनी प्रक्रिया” बता रही है। अब यह देखना होगा कि आगे जांच में और क्या खुलासे होते हैं।





