दुर्ग में युवक की आत्महत्या का मामला, फेसबुक पोस्ट में पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान भोज नारायण (36) के रूप में हुई है, जो पेशे से ग्राफिक्स डिजाइनर था। आत्महत्या से पहले उसने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे और खुद की मौत का जिम्मेदार बताया था।

जानकारी के अनुसार, भोज नारायण मूल रूप से गरियाबंद जिले के राजिम का रहने वाला था और भिलाई में किराए के मकान में रह रहा था। वह शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। शादी के बाद भी उसका एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया गया है कि भोज नारायण पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। कुछ दिन पहले वह घर से लापता हो गया था, जिसके बाद पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उसके प्रेम संबंधों की जानकारी सामने आई। इसके बाद दंपती के बीच विवाद और बढ़ गया।

28 जनवरी को भोज नारायण ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय वह घर में अकेला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आत्महत्या से पहले किए गए फेसबुक पोस्ट में भोज नारायण ने लिखा कि वह पत्नी से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी ने जादू-टोना कराकर उसे और उसकी गर्लफ्रेंड को अलग कर दिया। उसने यह भी दावा किया कि उसकी गर्लफ्रेंड की तबीयत खराब हो गई थी और वह मानसिक रूप से परेशान थी।

पोस्ट में युवक ने खुद को घरेलू हिंसा का शिकार बताया और कहा कि पत्नी और उसके परिचितों की वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। उसने कुछ चैट्स और दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट का लिंक भी साझा किया था, जिनमें आरोपों से जुड़े सबूत होने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पत्नी तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। फेसबुक पोस्ट, मोबाइल डेटा और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई