लखनऊ में ब्रह्मोस यूनिट का उद्घाटन, राजनाथ बोले – ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की इच्छाशक्ति का प्रतीक

नई दिल्ली/लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल यूनिट का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की राजनीतिक और सैन्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है।

‘रावलपिंडी तक गूंजा भारतीय सेना का पराक्रम’

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। “जिन लोगों ने हमारे सैनिकों और आम नागरिकों की जान ली, भारतीय सेना ने उन्हें उनके घर में घुसकर जवाब दिया। हमारी सेना का पराक्रम रावलपिंडी तक सुना गया,” उन्होंने कहा।

लखनऊ में बने ब्रह्मोस यूनिट के उद्घाटन के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा, “ब्रहमोस सिर्फ एक मिसाइल नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी क्षमता, आत्मनिर्भरता और दुश्मनों के लिए चेतावनी है कि भारत हर परिस्थिति के लिए तैयार है।” कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

ऑपरेशन सिंदूर: आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई

रक्षा मंत्री ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर भारत की ताकत, आत्मविश्वास और आतंकवाद के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति का प्रदर्शन है। हमने यह भी साफ कर दिया है कि अगर कोई भारत पर हमला करेगा तो सरहद पार भी खुद को सुरक्षित नहीं समझेगा।”

पाकिस्तान ने मंदिर-गुरुद्वारे भी नहीं छोड़े

राजनाथ सिंह ने बताया कि भारत की ओर से किसी आम नागरिक को निशाना नहीं बनाया गया, लेकिन पाकिस्तान ने हमारे नागरिक इलाकों, मंदिरों, गुरुद्वारों और चर्च तक पर हमला करने की कोशिश की।

“ये नया भारत है…”

उन्होंने दोहराया कि यह नया भारत है जो आतंकवादियों को सिर्फ जवाब नहीं देता, बल्कि ऐसा सबक सिखाता है जो दुनिया देखती है। “उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक और अब पहलगाम हमले के बाद मल्टीपल स्ट्राइक… ये दुनिया देख रही है,” रक्षा मंत्री ने कहा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button