बुकिंग शुरू, बिहार में उतरी लग्जरी कैरावैन बस; अब 5-स्टार सरीखा रोड ट्रिप

पटना। बिहार में पर्यटन को नया आयाम देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए राज्य में लग्जरी कैरावैन बस सेवा की औपचारिक शुरुआत हो गई है। पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने पटना के दरोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज भवन परिसर से दो अत्याधुनिक कैरावैन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए इन लग्जरी बसों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। यह सेवा उन यात्रियों के लिए खास है, जो सफर के दौरान होटल जैसी सुविधाओं के साथ बिहार दर्शन करना चाहते हैं।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार नवाचार कर रही है और कैरावैन बस सेवा उसी का हिस्सा है। अब पर्यटकों को हर पड़ाव पर होटल ढूंढने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यह बस ही चलता-फिरता 5-स्टार होटल है।

पर्यटन सचिव निलेश देवरे ने बताया कि कैरावैन बस भारत बेंज की मजबूत चेसिस पर तैयार की गई है। इसमें चार 360 डिग्री घूमने वाली रिवॉल्विंग सीटें, आरामदायक सोफा, किचन, बाथरूम, टीवी, जेनसेट और कैनोपी जैसी सुविधाएं दी गई हैं। एक कैरावैन में 8 लोगों के बैठने और 4 स्लीपर बेड की व्यवस्था है, जिससे दो परिवार आराम से सफर कर सकते हैं। हर बेड के साथ रीडिंग लाइट और टीवी की सुविधा भी दी गई है।

सुरक्षा के लिहाज से बस में 6 सीसीटीवी कैमरे, एसओएस बटन और इमरजेंसी एग्जिट मौजूद है। यह पूरी तरह एयरकंडीशन्ड है और इसमें ऑटोमैटिक फोल्डेबल स्टेप्स, मोटराइज्ड पर्दे, स्नेक टेबल और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट भी दिए गए हैं।

कैरावैन के किचन में इंडक्शन चूल्हा, फ्रिज, माइक्रोवेव और वाटर कूलर लगाया गया है, जबकि बाथरूम में शॉवर और मरीन टॉयलेट की सुविधा है। ऑर्थोपेडिक मेट्रेस से सुसज्जित बेड लंबी यात्रा को भी बेहद आरामदायक बनाते हैं।

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के अनुसार, कैरावैन बस को 75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से न्यूनतम 250 किलोमीटर तक बुक किया जा सकता है। इस सेवा से बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और यादगार होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button