बॉलीवुड का विवादित स्टारकिड, जिसने जीते दिल और देखे जेल के दिन

मुंबई;बॉलीवुड में ऐसे कई सितारे हुए हैं जिनकी जिंदगी पर्दे पर जितनी रंगीन दिखी, असल में उतनी ही उतार-चढ़ाव से भरी रही। लेकिन जब बात आती है सबसे चर्चित और विवादित स्टारकिड की, तो संजय दत्त का नाम सबसे ऊपर आता है। बचपन से फिल्मों के बीच पले-बढ़े संजू बाबा ने न सिर्फ एक सुपरस्टार का दर्जा हासिल किया, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी लगातार सुर्खियों में रहे।
29 जुलाई 1959 को मुंबई में जन्मे संजय दत्त अभिनेता सुनील दत्त और अभिनेत्री नरगिस के बेटे हैं। संजय ने 11 साल की उम्र में ‘रेशमा और शेरा’ से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में डेब्यू किया, लेकिन उन्हें असली पहचान 1981 में आई फिल्म ‘रॉकी’ से मिली। इसके बाद उनका करियर कई ऊंचाइयों और गिरावटों से गुजरा।
संजय दत्त का नाम ड्रग्स, अवैध हथियार रखने और जेल जाने जैसे विवादों से भी जुड़ा। टाडा एक्ट के तहत उन्हें सजा भी हुई और वो कई साल जेल में रहे। हालांकि, इन सबके बावजूद उनके चाहने वालों की तादाद कम नहीं हुई।
संजय दत्त की जिंदगी की कहानी पर बनी फिल्म ‘संजू’ (2018) ने पर्दे पर तहलका मचा दिया। रणबीर कपूर ने संजय दत्त का किरदार निभाकर लोगों को हैरान कर दिया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े और दर्शकों को संजय की असल जिंदगी से रूबरू कराया।
फिल्मों की बात करें तो विलेन के रूप में उन्होंने जबरदस्त पहचान बनाई। ‘KGF 2’ में अधीरा और ‘अग्निपथ’ में कांचा चीना जैसे किरदार आज भी याद किए जाते हैं।
निजी जिंदगी में उन्होंने तीन शादियां कीं। पहली पत्नी ऋचा शर्मा का निधन हो गया, दूसरी पत्नी रिया पिल्लई से तलाक हुआ और तीसरी पत्नी मान्यता दत्त के साथ अब वे स्थिर जीवन जी रहे हैं।
संजय दत्त की जिंदगी इस बात की मिसाल है कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, अगर हिम्मत हो तो हर तूफान का सामना किया जा सकता है।





