Body found in river: नदी में मिला युवक का शव, सिर में गंभीर चोट; पुलिस जुटी जांच में

कांकेर। कांकेर जिले के सिंगारभाठ गांव की हटकुल नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचना अधिकारी मनोरत जोशी के अनुसार, शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मौत किसी हादसे से हुई है, आत्महत्या है या फिर हत्या का मामला है।
गांव वालों से होगी पूछताछ
घटना के बाद से क्षेत्र में गुमशुदा व्यक्तियों के परिजनों में डर का माहौल बन गया है। परिजन थानों और आसपास के गांवों से संपर्क कर शव की फोटो मंगवा रहे हैं और अस्पताल में शव की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल, डॉक्टरों ने इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।





