दिल्ली के नगर निगम में अब बीजेपी की नजर, तोड़फोड़ की राजनीति शुरू; AAP के तीन पार्षद अब BJP के

दिल्ली। दिल्ली म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (MCD) में भाजपा की सरकार बनाने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा में शमिल होने वाले पार्षदों के नाम अनीता बसोया, धर्मवीर और निखिल बताया जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन पार्षदों को पार्टी में शामिल किया। इसके अलावा, AAP के 4 अन्य नेताओं ने भी भाजपा जॉइन की, जिनमें संदीप बसोया शामिल हैं, जो AAP के दिल्ली के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
अब भाजपा के 116 और AAP के 114 पार्षद
इन नए सदस्य के शामिल होने के बाद MCD में भाजपा के पास 116 पार्षद हो गए हैं, जबकि AAP के पास 114 पार्षद रह गए हैं। कांग्रेस के पास 8 पार्षद हैं। MCD में कुल 250 पार्षद की सीटें हैं, हालांकि अभी 238 पार्षद हैं, क्योंकि 11 पार्षद विधायक और 1 सांसद बन चुके हैं।
MCD में मेयर चुनाव
दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर का चुनाव इस साल अप्रैल में होगा। पिछला मेयर चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था, जिसमें AAP के महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को 3 वोट से हराया था। तब 263 वोट डाले गए थे, जिसमें 2 वोट अवैध हो गए थे।
घोटालेबाजों को मिलेगी सजा: सचदेवा
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचारियों को सजा मिलेगी, चाहे वह शीश महल घोटाला हो, शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, या मोहल्ला क्लिनिक घोटाला हो।
MCD बजट फरवरी के अंत तक होगा पेश
MCD का बजट फरवरी के अंत तक पेश किया जाएगा। पिछले ढाई साल से MCD की स्टैंडिंग कमेटी का गठन नहीं हो पाया था, जिसके कारण बजट पेश करने में देरी हुई थी। अब उपराज्यपाल की अनुमति के बाद MCD के कमिश्नर अश्विनी कुमार सदन के सामने बजट पेश करेंगे। अनुमान है कि 2025-26 का बजट करीब 17 हजार करोड़ रुपये हो सकता है।





