रायपुर में भाजपा करेगी तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा शहर जिला तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन करेगी। गुरुवार शाम एकात्म परिसर में जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर की अगुवाई में हुई कार्यशाला में सभी 20 मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यशाला में बताया गया कि 11, 12 और 13 अगस्त को मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिससे शहर में देशभक्ति का माहौल बने। 12 से 14 अगस्त तक स्वच्छता अभियान भी चलेगा, खासकर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी जगहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस पर संगोष्ठी, चित्र प्रदर्शनी और मौन जुलूस होगा।
15 अगस्त से पहले हर गली, मोहल्ले और चौक-चौराहों पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रायपुर शहर के 101 चौराहों पर 13 से 15 अगस्त तक देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे, जिससे लोगों में ‘हर घर तिरंगा’ के प्रति जागरूकता फैले।
विधायक राजेश मूणत ने बताया कि रायपुर पश्चिम में हर साल की तरह इस बार भी रामनगर से भारत माता चौक तक स्कूली बच्चों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी और देशभक्ति संध्या का आयोजन होगा।
इस मौके पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए सुनील सोनी, संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने समेत सभी मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।





