भाजपा बनाएगी 1000 युवा नेताओं की नई टीम, तीन साल तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

भारतीय जनता पार्टी देश में भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने के लिए एक नई पहल शुरू कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के उद्देश्य से पार्टी देशभर से 25 से 40 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1000 युवाओं का चयन करेगी, जिन्हें ‘उदीप्तमान कार्यकर्ता’ के रूप में तीन साल तक विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह योजना संगठन को मजबूत करने और नई पीढ़ी के नेताओं को आगे लाने की दिशा में एक अहम कदम है। चयनित युवाओं को नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कार्य, सामाजिक सेवा, कौशल विकास और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जाएगा।

देश के विभिन्न राज्यों से इन कार्यकर्ताओं का चयन सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। उत्तर प्रदेश से लगभग 110, बिहार से करीब 70, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से 50 से 60, जबकि छोटे राज्यों से 15 से 20 युवाओं को शामिल किया जाएगा।

चयनित कार्यकर्ताओं को अलग-अलग चरणों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। करीब 200 युवाओं को केंद्रीय और प्रदेश संगठनों में स्थान मिलेगा। लगभग 300 कार्यकर्ताओं को विभिन्न आयोगों, समितियों और उपक्रमों में जोड़ा जाएगा, जबकि करीब 500 युवाओं को भविष्य के नेता के रूप में विशेष रूप से तैयार किया जाएगा।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने देश के एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने की बात कही थी। इस योजना के पहले चरण में 1000 युवाओं को शामिल किया जा रहा है।

भाजपा का उद्देश्य है कि प्रशिक्षित युवा भविष्य में संगठन और सरकार दोनों में जिम्मेदारी संभाल सकें। पार्टी का मानना है कि इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि देश को नई सोच और ऊर्जा से भरपूर नेतृत्व भी मिलेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button