2027 चुनाव की तैयारी में जुटी BJP, बूथ स्तर पर जीत का लक्ष्य तय

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी(BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बड़ी संगठनात्मक बैठक में 98 जिलाध्यक्षों समेत पार्टी के सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा पहले से मजबूत है, वहां जीत का अंतर और बढ़ाया जाए, जबकि कमजोर बूथों पर विशेष अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाया जाए।
पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास न कोई नीति है, न विजन और न ही कोई ठोस कार्यक्रम। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने की अपील की।
बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। साथ ही अनुभवी और मेहनती कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर भी जोर दिया गया।
भाजपा ने आगे विधानसभा स्तर पर बूथ अध्यक्षों की अलग-अलग बैठकें करने का फैसला लिया है, ताकि हर बूथ की तैयारी की निगरानी की जा सके। पार्टी अब “माइक्रो मैनेजमेंट” रणनीति के तहत 2027 चुनाव में बड़ी जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।





