प्रधानमंत्री मोदी के दौरे का बिल अब तक अदा नहीं, बिलासपुर होटल संचालक ने कलेक्टर से की न्याय की गुहार

बिलासपुर। बिलासपुर कलेक्टर जनदर्शन में आज एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। चुहचुहियापारा क्षेत्र के एक होटल संचालक ने खड़े होकर कलेक्टर को अपनी समस्या बताई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के समय उनके होटल साइन अमृत में एसपीजी कमांडो ठहराए गए थे।
होटल संचालक ने कहा कि तत्कालीन एसडीएम और थाना प्रभारी जे.पी. गुप्ता के निर्देश पर करीब 10 दिनों तक दर्जनों एसपीजी कमांडो उनके होटल में रुके। इस दौरान होटल का लगभग दो लाख रुपये का खर्च हुआ, लेकिन अब तक उनका भुगतान नहीं किया गया।
होटल संचालक ने बताया कि वह लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनावी ड्यूटी में दी गई इस सेवा का भुगतान आखिर कब होगा।
जनदर्शन में मामला उठने के बाद यह देखना अब सबकी नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या होटल संचालक को न्याय मिलेगा या फिर भुगतान को दबा दिया जाएगा।





