बिलासपुर: पैसे दोगुना करने का झांसा देकर युवक से 6 लाख की ठगी

बिलासपुर: सकरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक दंपति ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक को पैसे दोगुना करने का लालच देकर 6 लाख रुपये की ठगी कर ली।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद जायसवाल नामक युवक को आरोपी नरोत्तम ने खुद को क्रिप्टो कंपनी का सीईओ बताते हुए बड़ा मुनाफा होने का झांसा दिया। वहीं, नरोत्तम की पत्नी पूजा को कंपनी की मार्केटिंग मैनेजर बताया गया। आरोपियों ने प्रमोद को भरोसे में लेकर कहा कि अगर वह उनकी क्रिप्टो कंपनी में निवेश करेगा, तो उसे जल्द ही दोगुना पैसा मिलेगा।

इस लालच में आकर प्रमोद ने 5 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब प्रमोद ने कुछ समय बाद अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने बहाना बनाते हुए कहा कि कंपनी को घाटा हो गया है और पैसे डूब गए हैं।

ठगी का अहसास होने पर प्रमोद ने तुरंत सकरी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी नरोत्तम, उसकी पत्नी पूजा और उनके साथी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा आपराधिक इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button