बिलासपुर हेरोइन केस: पंजाब से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, ड्रोन से आती थी खेप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जिस गांव से पकड़ा गया, वह भारत-पाक सीमा से मात्र 200 मीटर दूर स्थित है।
जांच में सामने आया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ पंजाब में भेजे जाते हैं और वहां से अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किए जाते हैं। पुलिस का मानना है कि इसी नेटवर्क के जरिए बिलासपुर तक हेरोइन पहुंचाई जा रही थी। मुख्य सप्लायर को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा, करन दीप सिंह और आर. रजिंदर कुमार शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था और रजिंदर कुमार के साथ मिलकर ऊंचे दामों पर बेचता था।
जांच के दौरान हेरोइन सप्लाई चेन का अहम सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम पंजाब के तरनतारन जिले गई और मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है और एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
होली को देखते हुए इस बार पुलिस ने खास सतर्कता बरती है। शराब, गांजा और हेरोइन जैसे ‘सूखे नशे’ पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने कहा कि नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी।
आरोपी वाट्सऐप के माध्यम से कोड वर्ड में हेरोइन सप्लाई कर रहे थे। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों को जेल भेजा गया था, जबकि मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज कर दी गई है।





