बीजापुर: माओवादियों के गुप्त बंकर का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में सामान बरामद

बीजापुर। जिले में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के 2026 तक नक्सल समस्या खत्म करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबल लगातार सक्रिय हैं।
इसी अभियान के तहत आज मुर्कराजगुट्टा की पहाड़ियों में सुरक्षाबलों को माओवादियों का एक गुप्त बंकर मिला। इस बंकर से बड़ी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जीतेंद्र यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में बंकर से 6 सोलर प्लेट, 6 जरकिन, 2 माओवादी वर्दी और 2 सीलिंग फैन बरामद किए गए।
करीब 20×08 फीट का यह बंकर आरसीसी स्लैब से बनाया गया था और पहाड़ियों के बीच जंगल में बारीकी से छिपाया गया था। इस ऑपरेशन को कोबरा 208 की टीम ने अंजाम दिया, जो जीड़पल्ली कैंप से नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
सर्चिंग के दौरान टीम ने जंगल में 12 डम्पिंग साइट्स का भी पता लगाया और उन्हें नष्ट कर दिया। इससे पहले भी कोमटपल्ली और तुमरेल के जंगलों से माओवादी सामान और विस्फोटक सामग्री बरामद की जा चुकी है।
सुरक्षा बल लगातार माओवादियों के गढ़ में गश्त और सर्च ऑपरेशन तेज कर रहे हैं। ये अभियान साफ तौर पर दिखाते हैं कि अब माओवादियों पर निर्णायक कार्रवाई की तैयारी चल रही है।





