Bihar Election 2025: बिहार में वृद्धावस्था पेंशन ₹400 से ₹1100 हुई | Nitish Kumar का चुनाव से बड़ा दांव

Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत दी है। अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन तीन गुना तक बढ़ा दी गई है।

बिहार में अब तक 60 से 79 साल के बुजुर्गों को हर महीने 400 रुपये पेंशन दी जाती थी। 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 500 रुपये मिलते थे। लेकिन अब सरकार ने इस राशि को सीधे 1100 रुपये कर दिया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जुलाई से यह बढ़ी हुई पेंशन राशि लोगों के खाते में भेजी जाएगी। हर महीने की 10 तारीख को ये पैसा आएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर लिखा कि, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को अब हर महीने 400 रु॰ की जगह 1100 रु पेंशन मिलेगी. सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी. सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा. इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी.

इस फैसले से 42 लाख से ज्यादा बुजुर्गों को सीधा फायदा मिलेगा। वहीं कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 10 लाख लोगों को इस योजना के तहत राहत मिलेगी – इनमें विधवा महिलाएं, वृद्धजन और दिव्यांगजन शामिल हैं।

इस योजना को साल 2019-20 में शुरू किया गया था। तब से लगातार इसमें बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी। समाज कल्याण विभाग ने इस पर विचार किया और अब जाकर वित्त विभाग ने इसे मंजूरी दी है। हालांकि, चुनावी समय में इस तरह के ऐलान को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। विपक्ष का कहना है कि ये एक चुनावी चाल है, जबकि सरकार का दावा है कि यह एक जरूरी और समय पर लिया गया फैसला है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button