सुवेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सिलीगुड़ी कनेक्शन से जांच में नया मोड़

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के बीच बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। उत्तरी 24 परगना जिले में बुधवार देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस कई एंगल से जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में सिलीगुड़ी कनेक्शन सामने आने से मामला और भी पेचीदा हो गया है।
कार रोककर बरसाईं गोलियां
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उनकी गाड़ी को रोका और पीछा कर रहे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां कार का शीशा तोड़ते हुए सीधे चंद्रनाथ को लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हमले के बाद आरोपी अपनी कार मौके पर छोड़कर बाइक से फरार हो गए।
पोस्टमार्टम में हुआ बड़ा खुलासा
पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में पता चला है कि चंद्रनाथ रथ को तीन गोलियां मारी गई थीं। दावा किया जा रहा है कि हमले में 7.6 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। पुलिस का मानना है कि हत्या पूरी प्लानिंग और रेकी के बाद की गई।
CCTV फुटेज और सुपारी किलर एंगल की जांच
पुलिस और CID की टीमें आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सैंपल जुटाए हैं। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि हत्या में सुपारी किलर शामिल थे या नहीं।
हालांकि घटना के कई घंटे बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सिलीगुड़ी कनेक्शन से बढ़ी जांच
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिली कार की नंबर प्लेट की जांच की। आरटीओ रिकॉर्ड में यह नंबर सिलीगुड़ी निवासी जोसेफ विलियम्स के नाम पर निकला। पुलिस ने तुरंत उनसे संपर्क किया।
जोसेफ विलियम्स ने बताया कि कार उनकी है, लेकिन उन्हें नहीं पता कि उनकी गाड़ी का नंबर किसने इस्तेमाल किया। बाद में जांच में पता चला कि उनकी असली कार सुरक्षित है और नंबर प्लेट नकली बनाई गई थी।
OLX से मिला सुराग
पुलिस को शक है कि हमलावरों ने OLX पर कार की तस्वीर देखकर उसी नंबर की डुप्लीकेट प्लेट तैयार करवाई। खास बात यह है कि असली और इस्तेमाल की गई दोनों कारों का मॉडल और रंग एक जैसा था।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की साजिश और आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार जांच कर रही है।





