उत्तराखंड में निगम कर्मियों को बड़ी राहत: महंगाई भत्ता 3% बढ़ा, वेतन में बढ़ेगी मासिक आमदनी

उत्तराखंड सरकार ने निगम और निकाय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इस निर्णय के बाद अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत तक महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि पहले यह 55 प्रतिशत था। नई दरें जुलाई 2025 से लागू होंगी, जिससे निगम कर्मियों की मासिक आय में 1000 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
लंबे समय से निगम कर्मचारी DA बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सरकार ने इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आदेश जारी किए हैं। राज्य सार्वजनिक उद्यम विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि अब निगम और निकाय कर्मचारियों को भी राज्य सरकारी कर्मचारियों की तरह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने इसे स्वागतयोग्य कदम बताया है। महासंघ के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश राणाकोटी और महामंत्री नंदलाल जोशी ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए मांग की कि भविष्य में भी राज्य कर्मचारियों की तरह निगम कर्मियों को सभी लाभ समय पर दिए जाएं।
महंगाई भत्ता बढ़ाने का यह निर्णय तभी आया है जब देश के कई अन्य राज्यों — उत्तर प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक, झारखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश — ने भी अपने कर्मचारियों के लिए DA बढ़ाने का ऐलान किया है। केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों के DA में 3 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के बाद राज्यों में भी यह प्रक्रिया तेज हुई थी।
इस बढ़ोतरी से निगम कर्मचारियों की क्रय क्षमता बढ़ेगी और मंहगाई के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। सरकार का यह कदम वित्तीय राहत देने के साथ-साथ कर्मचारियों के मनोबल को भी बढ़ाने वाला माना जा रहा है।





