खेल प्रेमियों के लिए बड़ा आयोजन: आज शाम 7 बजे से नवा रायपुर में दूसरा टी-20 मैच

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें दूसरे टी-20 मुकाबले के लिए पहुंच चुकी हैं। दोनों टीमें चार्टर्ड विमान से एयरपोर्ट पर दोपहर में उतरीं। टीम इंडिया होटल मैरियट और न्यूजीलैंड की टीम होटल हयात में ठहरी है।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने मैच के आयोजन में बदलाव किया है। फर्स्ट इनिंग के बाद स्टेडियम में किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं मिलेगी। दर्शकों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सीटें मिलेंगी। जिन लोगों ने टिकट रिडीम नहीं कराया है, उन्हें प्रवेश नहीं मिलेगा।
दर्शकों के लिए सुरक्षा नियम कड़े किए गए हैं। शराब, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, पानी की बोतल, डिब्बा, टिफिन, वाद्ययंत्र, छाता, ब्लेड, स्केट्स, बोर्ड, डंडा, बैट, झंडा, चाकू, कांच का कंटेनर, हैंड बैग, सूटकेस, लेडीज बैग, हैंडीकैम, स्प्रे, पेन, पेंसिल, बॉल, लाउड हैलर, सीटी, हॉर्न और भड़काऊ या संदिग्ध वस्तुएं अंदर नहीं ले जाई जा सकेंगी। बच्चों के खाने-पीने की सामग्री की अनुमति होगी।
स्टेडियम तक आने वाले मार्गों पर भारी ट्रैफिक रहेगा। शहर से स्टेडियम जाने के लिए तेलीबांधा थाना, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नवा रायपुर के रास्ते का उपयोग किया जाएगा। दर्शक सत्य सांई अस्पताल और सेंध तालाब में पार्किंग कर सकते हैं। अन्य मार्गों से आने वाले दर्शकों के लिए परसदा, कोसा और अन्य पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के लिए 42 वॉलंटियर्स को बीसीसीआई ने बॉडी कैमरों के साथ तैनात किया है। पिछले अंतरराष्ट्रीय मैचों में खिलाड़ियों तक फैंस के पहुंच जाने की घटनाओं के बाद सुरक्षा और उसकी मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।





