युक्तियुक्तकरण पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 16 और 17 जून को कलेक्टर के सामने पेश होंगे याचिकाकर्ता

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण मामले को लेकर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। राज्यभर से दायर 60 से ज्यादा याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सरकार की नई गाइडलाइन पर फिलहाल एक हफ्ते की रोक लगा दी है।
हाईकोर्ट ने कहा है कि सभी याचिकाकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए। इसके लिए कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि याचिकाकर्ता 13 जून तक अपने जिले के कलेक्टर की अध्यक्षता में बनी समिति के पास अपना पक्ष रखें।
इसके बाद सभी याचिकाकर्ताओं को 16 और 17 जून को समिति के सामने उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लेना होगा। यह समिति हर मामले की मेरिट के आधार पर विचार करेगी और फैसला सुनाएगी।
कोर्ट ने साफ कहा है कि सभी कलेक्टर समितियों को याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर एक हफ्ते के भीतर फैसला देना होगा।
यह फैसला प्रदेश के हजारों शिक्षकों और शिक्षा विभाग के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इससे युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पर फिलहाल अस्थायी विराम लग गया है।





