छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड का बड़ा फैसला: 26 जनवरी को सभी मस्जिदों और वक्फ कार्यालयों में फहराया जाएगा तिरंगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड ने गणतंत्र दिवस को लेकर एक अहम और सराहनीय फैसला लिया है। 26 जनवरी को राज्य की सभी मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ बोर्ड के कार्यालयों में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। यह निर्णय राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि बोर्ड के अधीन आने वाली सभी वक्फ संपत्तियों पर राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही जहां-जहां आयोजन के लिए आवेदन किया जाएगा, वहां आर्थिक अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। इस अनुदान से माइक, टेंट, मिठाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकेंगी।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि अक्सर यह मिथक फैला दिया जाता है कि मुस्लिम समुदाय राष्ट्रीय आयोजनों से दूर रहता है, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि
“हम इस सोच को बदलना चाहते हैं। राष्ट्रीयता की भावना बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि हमारी हर इबादतगाह से तिरंगा लहराए।”
वक्फ बोर्ड का यह कदम न सिर्फ देशभक्ति का संदेश देता है, बल्कि समाज में एकता, समरसता और राष्ट्र के प्रति साझा जिम्मेदारी को भी मजबूत करता है।





