रायपुर में महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा मामला: सेवा समाप्त संविदा कर्मियों को लाखों का वेतन भुगतान, RTI से खुलासा

रायपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग में गंभीर लापरवाही और अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती निशा मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने सेवा समाप्त हो चुके संविदा कर्मचारियों को लाखों रुपये वेतन के रूप में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के भुगतान कर दिया।
क्या है मामला?
साल 2022 में विभाग द्वारा संविदा पर कार्यरत 9 कर्मियों की सेवा गोपनीय प्रतिवेदन (सीआर) के आधार पर समाप्त कर दी गई थी। सरकारी नियमों के मुताबिक सिर्फ “क प्लस” और “क” रेटिंग वाले कर्मचारियों को ही सेवा विस्तार दिया जा सकता है, लेकिन इन कर्मचारियों को “ख”, “ग” और “घ” जैसी रेटिंग मिली थी, इसलिए उनकी सेवा समाप्त की गई।
हालांकि, बाद में ये सभी कर्मचारी हाईकोर्ट गए। कोर्ट ने मामले पर तेजी से सुनवाई कर आदेश दिया कि इनकी सेवा बहाली पर सक्षम प्राधिकारी निर्णय लें। इसके बावजूद, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बिना सक्षम अधिकारी की जानकारी के इन कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर दिया।
RTI से हुआ खुलासा
RTI से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2022-23 के दौरान सेवा समाप्त किए गए 8 संविदा और 1 सेवा प्रदाता को वेतन का भुगतान कर दिया गया, जबकि नियम अनुसार ऐसा नहीं किया जाना था। आरोप है कि यह भुगतान दबाव डालकर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से कराया गया।
जिला स्तरीय समिति ने नवंबर 2024 में अंतिम बैठक में स्पष्ट कर दिया था कि इन कर्मचारियों की सेवा समाप्त की जानी चाहिए। लेकिन समिति का निर्णय जानबूझकर सक्षम अधिकारी के सामने नहीं रखा गया। इतना ही नहीं, एक कर्मचारी ने लगभग 7 लाख रुपये खुद के बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन भी कर लिया।
जिन कर्मचारियों को सेवा अनुपयुक्त पाया गया:
नवनीत कुमार (अब निधन हो चुका है), अश्विन जायसवाल, हेमलाल नायक, ज्योति शर्मा, रजनीश गेंदले, दुष्यंत कुमार, अखिलेश डहरे, महेश्वरी दुबे सहित अन्य।
केवल अल्केश्वरी सोनी को “क” रेटिंग के आधार पर सेवा विस्तार योग्य माना गया, लेकिन उनका अंतिम निर्णय वर्ष 2023-24 और 2024-25 की रिपोर्ट के आधार पर होगा।
इस पूरे मामले से साफ है कि विभाग में नियमों को ताक पर रखकर गलत तरीके से सरकारी पैसे का भुगतान किया गया, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका गहराई है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।





