भारत सरकार का बड़ा एक्शन: सभी पाकिस्तानियों को देश छोड़ने का आदेश, अटारी-वाघा बॉर्डर पर उमड़ी भारी भीड़

नई दिल्ली, 26 अप्रैल 2025
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक कदम उठाया है। सरकार ने देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का अल्टीमेटम दिया था। अब इस अल्टीमेटम की मियाद समाप्त होने में 24 घंटे से भी कम का समय बचा है, जिससे अटारी और वाघा बॉर्डर पर पाकिस्तानियों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
सरकारी आदेश के बाद देशभर से पाकिस्तानियों की वापसी की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है। अब तक 200 से अधिक पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अटारी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे हैं जो मेडिकल ट्रीटमेंट या पारिवारिक कारणों से भारत आए थे। वाहनों की लंबी कतारें सीमा पार करने के इंतजार में खड़ी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि बीते दो दिनों में 392 भारतीय नागरिक पाकिस्तान से लौटे हैं जबकि 229 पाकिस्तानी नागरिक भारत से वापिस गए हैं। अब कोई भी पाकिस्तानी भारत में रुकने का जोखिम नहीं लेना चाहता।
महाराष्ट्र में भी राज्य सरकार ने एक्शन शुरू कर दिया है। यहां अब तक 55 पाकिस्तानियों को नोटिस जारी किया गया है जो सार्क या शॉर्ट टर्म वीजा पर रह रहे थे। नागपुर में 18 पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित किया गया है, जिनमें अधिकतर जरीपटका इलाके में रह रहे थे। राज्य में कुल 200 ऐसे पाकिस्तानी नागरिक हैं जो या तो दीर्घकालिक वीजा या राजनयिक श्रेणी के वीजा पर हैं, लेकिन अभी इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उत्तराखंड में भी 250 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की गई है, जिनमें से दो को वापस भेजा जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि जिनका वीजा वैध है, उन्हें फिलहाल परेशान नहीं किया जा रहा, लेकिन उनकी निगरानी की जा रही है।





