पहलगाम हमले के बाद बड़ी कार्रवाई, आतंकियों के घर गिराए गए, घुसपैठियों पर सख्ती
जम्मू-कश्मीर में 6 आतंकियों के घर तोड़े गए

दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना और पुलिस ने एक्शन शुरू कर दिया है। अब तक 6 आतंकियों के घर गिराए जा चुके हैं। इनमें लश्कर और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकवादी शामिल हैं।
ये कार्रवाई त्राल, पुलवामा, अनंतनाग, कुलगाम और शोपियां जैसे इलाकों में की गई। पाकिस्तान ने शुक्रवार और शनिवार तड़के भारतीय पोस्ट पर गोलीबारी की। इंडियन आर्मी ने भी जवाब दिया। किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
गुजरात में घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई
गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद और सूरत में छापा मारकर 500 से ज्यादा बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा है। ये लोग फर्जी दस्तावेजों के साथ भारत में रह रहे थे। गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों से कहा है कि ऐसे लोगों की पहचान करके उन्हें वापस भेजा जाए।
भारत ने दुनिया को बताया- हमले के पीछे पाकिस्तान
प्रधानमंत्री मोदी ने 13 देशों के नेताओं को फोन कर बताया कि पहलगाम हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। भारत ने 30 विदेशी राजनयिकों के साथ मीटिंग भी की और सबूत साझा किए। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि कश्मीर मुद्दा बहुत पुराना है, दोनों देश मिलकर हल निकालें। वहीं पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भारत के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया, कहा कि “या तो पानी बहेगा या खून”।





