पूर्व मंत्री कंवर के पत्र पर भूपेश बघेल का कटाक्ष, भाजपा में वरिष्ठ नेताओं की स्थिति पर उठाए सवाल

रायपुर। पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे पत्र को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अक्सर कांग्रेस पर बड़ी टिप्पणियां करते हैं, लेकिन अब देखना होगा कि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं की क्या स्थिति है।
भूपेश बघेल ने याद दिलाया कि पहले भी राज्यपाल और कलेक्टर बैठे थे, और ननकीराम कंवर खड़े थे। अब यह देखना होगा कि ननकीराम कंवर के अल्टीमेटम पर क्या बयान देते हैं। भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि ननकीराम कंवर के पत्र में कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की गई है और तीन दिन में कार्यवाही न होने पर शासन-प्रशासन के खिलाफ धरना देने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने इसे लेकर भाजपा पर सवाल उठाए।
इसके अलावा, उन्होंने देश में 22 सितंबर से लागू हुए जीएसटी 2.0 पर भी टिप्पणी की। भूपेश बघेल ने कहा कि पहले 8 साल में गलत जीएसटी के जरिए देश की जनता की आय सीमित हुई और महंगाई घटने के दावे भी केवल भाषण तक सीमित रहे। बिहार में गौ हत्या और गौ तस्करी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 2014 में भारत बीफ निर्यात में 9वें स्थान पर था, जबकि अब दूसरे स्थान पर आ गया है। उनका आरोप है कि भाजपा बीफ निर्यातकों से अरबों रुपए चंदा लेती है और वोट के लिए गौ माता का इस्तेमाल करती है।
भूपेश बघेल ने पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब स्वतंत्र भारत में सीडब्ल्यूसी की बैठक बिहार में हो रही है। इस बैठक में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य चुनावी रणनीति और पार्टी संगठन को मजबूत करना है।





