भोपाल के युवक को हाथियों ने कुचला, दंतैलों के आतंक से अंबिकापुर के स्कूलों में छुट्टी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के लालमाटी क्षेत्र में मंगलवार को 25 हाथियों का दल पूरे दिन डेरा जमाए रहा। हाथियों को खने और वीडियो बनाने के चक्कर में भोपाल का 19 वर्षीय युवक राजकुमार नाइक की जान चली गई। वनकर्मियों की चेतावनी के बावजूद वह हाथियों के पास गया, जहां अचानक हाथियों ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत कार्रवाई में लगी, जबकि लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। मृतक के परिवार को वन विभाग की ओर से 25,000 रुपये की सहायता राशि दी गई।
हाथियों ने लालमाटी के ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के पास और आसपास के क्षेत्र में घर तोड़े और खेतों की फसलें नष्ट कीं। प्रभावित गांवों में लोग भय के कारण घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। कई लोगों ने महामाया मंदिर और अन्य सुरक्षित स्थलों में रात गुजारी। वन और पुलिस विभाग लगातार हाथियों की निगरानी में हैं और ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।
डीएफओ अभिषेक जोगावत ने लोगों से अपील की कि हाथियों या अन्य जंगली जानवरों के पास न जाएं और फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास न करें। इसके अलावा, हाथियों की गतिविधियों के कारण ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल और आसपास के सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया।
हाथियों ने रामनगर और खैरबार क्षेत्र में घरों को क्षतिग्रस्त किया और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने पटाखों और शोरगुल के माध्यम से हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की, जिससे हाथियों का व्यवहार अस्थिर हो गया। वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए नियमित रूप से सचेत कर रहा है।





