भिलाई: फर्जी CBI अफसर बनकर महिला से 54 लाख की ठगी, डिजिटल अरेस्ट कर एक महीने तक डराता रहा

दुर्ग। भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ चौंकाने वाली ठगी का मामला सामने आया है। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक शातिर ठग ने महिला को डिजिटल अरेस्ट में डाल दिया और एक महीने तक डराकर 54 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित महिला नम्रता चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि एक अनजान शख्स ने उनके पिता के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल किया। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अफसर बताया और कहा कि उनके पिता का बैंक खाता मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल हुआ है। उसने कहा कि यह खाता मुंबई के नरेश गोयल के पास से मिला है, जिसमें 2 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है।
ठग ने महिला को नरेश गोयल की आवाज भी सुनाई, जिसमें वह कह रहा था कि उसने 5 लाख रुपये में यह खाता खरीदा है। उसने यह भी कहा कि गरीबों के खातों से पैसा आपके पिता के खाते में ट्रांसफर हुआ है और अगर पैसे वापस नहीं किए गए तो कोर्ट के आदेश पर जेल जाना पड़ेगा।
डरी हुई महिला ने 29 अप्रैल से 29 मई के बीच 54 लाख 90 हजार रुपये आरटीजीएस के जरिए ठग द्वारा दिए गए खाते में भेज दिए। आरोपी ने महिला को लगातार फोन करके दबाव बनाया और डराया, जिससे महिला मानसिक रूप से परेशान हो गई।
जब महिला को शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है, तब उसने हिम्मत कर नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल पर विश्वास न करें और कोई भी लेन-देन करने से पहले इसकी सत्यता की जांच करें।





