पत्नी की देखभाल के लिए बेंगलुरु युवक ने छोड़ी 1.2 करोड़ की नौकरी, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

बेंगलुरु:आज के दौर में करोड़ों की सैलरी वाली नौकरी छोड़ना किसी सपने को ठुकराने जैसा है, लेकिन बेंगलुरु के एक युवक ने ऐसा कदम सिर्फ अपनी गर्भवती पत्नी की देखभाल के लिए उठाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर युवक का पोस्ट वायरल हो गया, जिसमें उसने बताया कि वह 1.2 करोड़ रुपये सालाना वाली नौकरी से इस्तीफा दे रहा है ताकि अगले एक साल तक घरेलू जिम्मेदारियों में पत्नी का साथ दे सके।

युवक ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह कॉलेज ड्रॉपआउट है लेकिन पिछले सात वर्षों में उसने करियर में उल्लेखनीय तरक्की की। दो महीने पहले ही उसे और पत्नी को पता चला कि वे माता-पिता बनने वाले हैं। इसके बाद उसने तय किया कि वह नौकरी से ब्रेक लेकर पूरा समय घर और पत्नी को देगा। हालांकि पत्नी ने नौकरी छोड़ने से मना कर दिया और वर्क फ्रॉम होम करने का निर्णय लिया, लेकिन घरेलू जिम्मेदारियां दोनों ने पहले ही बांट ली हैं।

युवक का कहना है कि जिंदगी में सही समय पर सही जगह पर होना सबसे जरूरी है। “जब परिवार को आपकी जरूरत हो, बाकी सब बाद में आता है,” उसने लिखा। वह मानता है कि उसके अनुभव और संपर्कों के कारण वह भविष्य में फिर से अच्छी नौकरी पा सकता है, लेकिन इन खास पलों को खोना उसके लिए सही नहीं होता।

इस पोस्ट पर इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूजर्स ने इस फैसले की तारीफ की और इसे साहसिक कदम बताया, तो कुछ ने इसे सिर्फ लाइक और ध्यान पाने का तरीका कहा। एक यूजर ने लिखा, “सबकी कहानी एक जैसी नहीं होती, बहुत से लोग ऐसा जोखिम नहीं उठा सकते।” एक अन्य ने कहा, “काश मेरे पास भी इतनी अच्छी नौकरी होती कि मैं ब्रेक ले पाता।” वहीं, किसी ने पूछा, “कॉलेज की डिग्री के बिना आपको इतनी बड़ी नौकरी कैसे मिली?”

यह कहानी रिश्तों और करियर के बीच संतुलन की एक अनोखी मिसाल पेश करती है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस को नई दिशा दे दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button