बेंगलुरु भगदड़ मामला: RCB ऑफिसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार, 8 पुलिस अफसर सस्पेंड

बेंगलुरु। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ के मामले में पुलिस ने RCB के सीनियर मार्केटिंग ऑफिसर निखिल सोसाले को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। निखिल मुंबई भागने की कोशिश में था। इस केस में DNA एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड इवेंट कंपनी के तीन अधिकारी किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे क्यूब्बन पार्क थाने में पूछताछ हो रही है।
इस भगदड़ में कई लोग घायल हुए और हालात गंभीर हो गए थे। RCB अधिकारी निखिल पर सोशल मीडिया पर सेरेमनी के फ्री पास शेयर करने का आरोप है, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर बी. दयानंद समेत 8 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। नए पुलिस कमिश्नर के तौर पर सीमंत कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। अन्य निलंबितों में एडिशनल कमिश्नर, ACP, DCP और स्टेडियम प्रभारी शामिल हैं।
भगदड़ के मुख्य कारणों में गेट नंबर 15 और 20 पर भीड़ नियंत्रण में विफलता, मेडिकल व पुलिस इंतजाम की कमी, मोबाइल जैमर, ट्रैफिक जाम और पुलिस का VVIP ड्यूटी में व्यस्त होना शामिल हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और सरकार को 10 जून तक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। केस की जांच CID और SIT करेगी। इस घटना ने आयोजन व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





