बंगाल में भ्रष्टाचार पर सख्त हुई नई सरकार, CM शुभेंदु अधिकारी ने CBI जांच को दी मंजूरी

पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शिक्षा, नगरपालिका और सहकारी विभागों में हुए कथित भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार मामलों की जांच के लिए CBI को अनुमति दे दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने करीब चार साल तक इन मामलों में कार्रवाई की अनुमति रोके रखी थी, लेकिन अब राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी व्यवस्था और सार्वजनिक संस्थानों का गलत इस्तेमाल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार का दावा है कि पिछली सरकार के दौरान शिक्षा विभाग, नगर निकायों और सहकारी संस्थाओं में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हुई थीं। अब इन मामलों की जांच तेज होगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि हाई-प्रोफाइल मामलों में लंबित जांच अब तेजी से आगे बढ़ेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई बड़े अधिकारियों और नेताओं पर शिकंजा कस सकता है।
वहीं, कोलकाता में अवैध फैक्ट्री में लगी आग में दो लोगों की मौत के बाद सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने उस अवैध इमारत को गिराने के आदेश दिए हैं, जहां हादसा हुआ था। पुलिस ने फैक्ट्री मालिकों को गिरफ्तार कर लिया है।
सरकार ने टॉप्सिया और मोमिनपुर जैसे इलाकों में चल रही अवैध फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इन फैक्ट्रियों की बिजली और पानी की सप्लाई काटने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे मामलों पर और बड़े एक्शन लिए जाएंगे।





