बैंक ऑफ बड़ौदा में 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती: 8 जून तक आवेदन, हर महीने मिलेगा 15 हजार स्टाइपेंड

दिल्ली। बैंक ऑफ बडौदा ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के तहत 5000 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 मई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 8 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत पूरी की जाएगी।
बैंक की ओर से चयनित उम्मीदवारों को एक साल की अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान हर महीने 15 हजार रुपए का स्टाइपेंड भी मिलेगा। यह भर्ती खासतौर पर फ्रेश ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका मानी जा रही है।
बैंक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने पहले किसी संस्थान में अप्रेंटिस ट्रेनिंग नहीं ली हो। साथ ही जिन अभ्यर्थियों के पास पढ़ाई पूरी करने के बाद एक साल या उससे अधिक का नौकरी या ट्रेनिंग अनुभव है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को अपने राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के अनुसार अधिकतम तीन पसंदीदा ट्रेनिंग सेंटर चुनने होंगे। इन्हीं विकल्पों के आधार पर ट्रेनिंग के लिए सेंटर आवंटित किए जाएंगे।
उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट Bank of Baroda पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को Careers सेक्शन में जाकर “Current Opportunities” पर क्लिक करना होगा। इसके बाद “Engagement of Apprentices under the Apprentices Act, 1961” लिंक के जरिए आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
कैंडिडेट्स NATS या NAPS पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान Regular Student या Sandwich/AEDP Student का विकल्प चुनना होगा। Regular Student चुनने वाले उम्मीदवार ईमेल आईडी या आधार नंबर के जरिए लॉगिन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।





