जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर बैंककर्मी से 20 लाख की ठगी, दो महिलाओं पर केस दर्ज

रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर एक बैंककर्मी से 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विजय पटेल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बैरन बाजार निवासी शहनाज खान और शफिका खान से जमीन खरीदने का सौदा किया था। दोनों के बीच बैरन बाजार स्थित भूखंड को लेकर 1 करोड़ 40 लाख रुपए में एग्रीमेंट हुआ था।
समझौते के तहत 18 जुलाई 2025 को पीड़ित ने 20 लाख रुपए बयाना के रूप में दिए, जिसमें 15 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए चेक से दिए गए थे। एग्रीमेंट में तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना तय था।
तय समय बीतने के बावजूद आरोपियों ने रजिस्ट्री नहीं कराई और लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करती रहीं। पीड़ित ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।
शक होने पर पीड़ित ने वकील के माध्यम से 8 अक्टूबर 2025 को कानूनी नोटिस भेजा और 14 अक्टूबर को रजिस्ट्री कार्यालय में उपस्थित रहने के लिए कहा। निर्धारित तिथि पर पीड़ित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस मामले में शहनाज खान का बेटा सदफ भी शामिल है, जो रजिस्ट्री कराने से इनकार कर रहा है और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





