विवाद के बीच बांग्लादेश सतर्क: हिंदू समुदाय की सुरक्षा के आदेश

ढाका, 8 मई 2025:
भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का असर अब पड़ोसी देश बांग्लादेश पर भी नजर आने लगा है। भारत द्वारा किए गए सख्त सैन्य एक्शन के बाद बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय (PHQ) की ओर से सभी पुलिस इकाइयों को भेजे गए पत्र में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के आदेश दिए गए हैं।

इस पत्र पर एडिशनल DIG शाहजादा मोहम्मद असदुज्जमान ने इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस की ओर से हस्ताक्षर किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि बॉर्डर इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अफवाह या नफरत फैलाने वाले कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

बांग्लादेश सरकार को आशंका है कि भारत-पाक संघर्ष का गुस्सा उनके देश में रह रहे हिंदुओं पर न निकले और कहीं सांप्रदायिक तनाव न उत्पन्न हो। पुलिस को यह भी कहा गया है कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक हिंसा, भड़काऊ बयानबाजी या दंगा फैलाने की साजिश को समय रहते पहचाना जाए और तुरंत कार्रवाई हो।

बॉर्डर क्षेत्रों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस को आदेश है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लें और आवश्यक कदम उठाएं ताकि देश की आंतरिक शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।

बांग्लादेश पूर्व में कई बार सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं का सामना कर चुका है। अब, भारत-पाक तनाव की गंभीरता को देखते हुए सरकार कोई भी जोखिम उठाना नहीं चाहती है। इस कदम को अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button