बंधन बैंक के 27 म्यूल अकाउंट में 1.20 करोड़ का साइबर फ्रॉड, 8 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। साइबर फ्रॉड के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बंधन बैंक की सुपेला ब्रांच में खाता खोलकर अपने अकाउंट को म्यूल अकाउंट बनाकर किराए पर देने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों में भिलाई के खुर्शीपार, सुपेला, सेक्टर 4 और दुर्ग के निवासी शामिल हैं।
दरअसल, ये आरोपी अपने बैंक खातों को साइबर ठगों के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से म्यूल अकाउंट अलर्ट आने के बाद यह मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि लगभग 27 म्यूल अकाउंटों में साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त 1 करोड़ 20 लाख 57 हजार रुपये जमा किए गए थे। आरोपियों ने इन पैसों का लेन-देन भी किया।
अलर्ट मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने सभी संदिग्ध खातों को होल्ड कर दिया और खाता धारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुपेला के रावणभाटा निवासी रनजीत महानंद, खुर्शीपार निवासी प्रमिला जंघेल, सेक्टर 32 निवासी आकाश राव, रिसाली सेक्टर निवासी विपिन कुमार सिरसाम, सेक्टर 5 निवासी मानवी बेरी, जुनवानी निवासी आशीष गुप्ता, पिंकी कुर्रे कोहका और सुपेला निवासी रमाकान्त बंसोड़ शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने मामले में कहा कि यह कार्रवाई साइबर फ्रॉड रोकने और ऐसे म्यूल अकाउंट्स का दुरुपयोग रोकने के लिए की गई है। अब आगे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि अन्य संदिग्ध खातों और साइबर ठगों से इनके संबंध कितने गहरे हैं।
यह कार्रवाई क्षेत्र में साइबर सुरक्षा के प्रति पुलिस की सतर्कता और सक्रियता को दर्शाती है। जनता से भी पुलिस ने अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाते या धोखाधड़ी की सूचना तुरंत दें।





